सिटी न्यूज फतेहपुर
खागा, फतेहपुर(CNF)। कस्बे के नौबस्ता रोड स्थित रावण मैदान के पास निर्माणाधीन नाले के कारण पिछले तीन दिनों से आवागमन पूरी तरह प्रभावित है। सड़क खोदे जाने और निर्माण कार्य अधूरा रहने से स्थानीय लोगों, दुकानदारों तथा राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार शिकायतें मिलने के बाद शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री कृष्णा पासवान स्वयं मौके पर पहुंचीं और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री ने नाले के निर्माण की धीमी गति और अव्यवस्थित कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी देवहूति पांडेय, निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार बच्चा परिहार के अलावा विभागीय इंजीनियर को फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य जनता की सुविधा के लिए कराए जाते हैं, लेकिन यदि इन्हीं कार्यों की वजह से आम लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़े तो यह स्वीकार्य नहीं है। राज्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं। साथ ही गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने की भी हिदायत दी। स्थानीय लोगों ने राज्यमंत्री को बताया कि पिछले तीन दिनों से सड़क पर आवाजाही बाधित होने के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार जाम की स्थिति भी बन जाती है, जिससे लोगों का समय और श्रम दोनों प्रभावित हो रहे हैं। दुकानदारों ने भी बताया कि सड़क बंद रहने से उनके कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ा है। राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर नाले का निर्माण पूरा कर सड़क को यातायात के लिए सुचारु बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।
