CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय स्थित शिक्षण एवं मार्गदर्शन केन्द्र में एक वर्षीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण एक अप्रैल से प्रारम्भ हो चुका है।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अभ्यर्थियों को तृतीय श्रेणी की सेवाओं तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। वर्तमान सत्र में प्रवेश हेतु इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, जिसमें हाईस्कूल स्तर पर अंग्रेजी विषय होना चाहिए। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। स्नातक, परास्नातक, टंकण, आशुलिपि एवं कम्प्यूटर ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें आर्थिक सहयोग मिल सके। इच्छुक पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी अपने शैक्षिक, आयु, जाति तथा सेवायोजन पंजीयन से संबंधित प्रमाण पत्रों की छायाप्रति के साथ आवेदन पत्र 05 मई तक जिला सेवायोजन कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर जमा कर सकते हैं। पूर्ण रूप से सही पाए गए आवेदन पत्रों के आधार पर ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन पत्र का प्रारूप कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय के दूरभाष संख्या 05180-298602 पर संपर्क कर सकते हैं।
