पत्रकारों से वार्ता करते संगठन के सदस्य जुगल किशोर सोनी।
– बुंदेलखंड अनऐडेड स्कूल एसोसिएशन ने स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए सर्वसम्मति से चुना प्रत्याशी
– मान्यता, शुल्क, शिक्षकों और विद्यालय संचालन से जुड़े मामलों को प्रमुखता से उठाने का लिया संकल्प
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। बुंदेलखंड क्षेत्र के निजी विद्यालयों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने की दिशा में बुंदेलखंड अनऐडेड स्कूल एसोसिएशन ने आगामी शिक्षक व स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। संगठन ने संत तुलसी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक एवं सचिव डॉ. मनीष गुप्ता के नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई है।
मंगलवार को शहर के आरएस एक्सेल इंग्लिश एकेडमी एफसीआई में आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन के सदस्य जुगल किशोर सोनी ने प्रत्याशी के नाम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन बीते दस वर्षों से बुंदेलखंड के निजी विद्यालयों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के हितों के लिए काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों के सामने मान्यता, शुल्क, संचालन, शिक्षकों की समस्याओं, परिवहन व्यवस्था के साथ ही प्रशासनिक और शैक्षिक नियमों से जुड़े कई मुद्दे हैं। इन समस्याओं को शासन और विधान परिषद के स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए क्षेत्र का प्रतिनिधित्व जरूरी है।
जुगल किशोर सोनी ने कहा कि डॉ. मनीष गुप्ता को प्रत्याशी बनाया जाना किसी व्यक्तिगत राजनीतिक उद्देश्य का हिस्सा नहीं है, बल्कि निजी विद्यालयों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की सामूहिक समस्याओं को विधान परिषद तक पहुंचाने की पहल है। संगठन ने उम्मीद जताई कि डॉ. गुप्ता क्षेत्र की आवाज को मजबूती से सदन तक पहुंचाएंगे।
इस दौरान धर्मेंद्र श्रीवास्तव समेत संगठन के पदाधिकारी और विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक मौजूद रहे।
