बैठक में मौजूद विधायक, अधिकारी व ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारी।
– ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की बिंदकी तहसील इकाई की बैठक में उठीं अहम मांगें
CITY NEWS FATEHPUR
बिंदकी, फतेहपुर(CNF)। ग्रामीण पत्रकारों की भूमिका, उनके सामने आने वाली चुनौतियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर शनिवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की बिंदकी तहसील इकाई की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पत्रकारों के सम्मान और उनके उत्पीड़न का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकार विपरीत परिस्थितियों के बावजूद जनसमस्याओं को प्रमुखता से सामने लाने का काम करते हैं, ऐसे में उनके साथ किसी भी स्तर पर अभद्रता या उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमरजीत सिंह ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार सीमित संसाधनों के बावजूद पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी पत्रकार को थाने, तहसील या अन्य किसी सरकारी कार्यालय में अनावश्यक रूप से परेशान किया गया तो संगठन चुप नहीं बैठेगा। पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष सोमदत्त द्विवेदी ने की। मुख्य अतिथि बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी ने पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कभी पत्रकारों की खबरों का विरोध नहीं किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता का महत्वपूर्ण स्थान है और जनहित के मुद्दों को सामने लाना पत्रकारों की जिम्मेदारी है।
बैठक में एसडीएम निशांत तिवारी, सीओ प्रियांक जैन, सपा नेता दयालु गुप्ता, राजा भैया, जिलाध्यक्ष कुमुद तिवारी, त्रिलोकी नाथ पांडेय, रवीन्द्र त्रिपाठी, चंद्रिका दीक्षित, अतुल द्विवेदी, मंडल सचिव विमल सिंह चौहान तथा मंडल सदस्य मनोज मिश्रा मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष कुमुद तिवारी ने संगठन की गतिविधियों और पत्रकारों को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के समापन पर संगठन की ओर से तहसील इकाई के सदस्यों को प्रतीक चिन्ह, बैग, डायरी और पेन देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सुनील तिवारी, संतोष तिवारी, सर्वेश दीक्षित, सुनील पाण्डेय, अनुपम शुक्ला, विपिन कुमार पटेल, संतोष कुमार शुक्ल, मनोज कुमार मिश्रा, विमल सिंह चौहान, ज्ञानेन्द्र शुक्ला, कोमल निषाद, नरेश वर्मा, रतनलाल सोन, शिवशंकर यादव, मधु निषाद, राजू यादव, सोना यादव, सत्यनारायण सिंह, अनीस अहमद, रमेश वाल्मीकि, आनंद, प्रभाकांत तिवारी सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
