– बीडीओ व कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से गोवंशों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
– पशुआहार, भूसा और इन्वर्टर-बैटरी समेत लाखों रुपये के नुकसान का दावा
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। लगातार बारिश के बाद ऐरायां विकासखंड के सुल्तानपुर घोष स्थित स्थायी गौशाला में जलभराव ने विकट स्थिति पैदा कर दी। गौशाला परिसर में करीब पांच फीट तक पानी भर जाने से गोवंशों की जान पर संकट खड़ा हो गया। हालात की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ और देर रात से ही गोवंशों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का अभियान शुरू कर दिया गया।
सूचना मिलते ही खंड विकास अधिकारी अशोक कुमार के नेतृत्व में ब्लॉक के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। करीब आधा सैकड़ा ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। कर्मचारियों व ग्रामीणों ने गहरे पानी के बीच पहुंचकर एक-एक कर गोवंशों को बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर व्यवस्थित किया। देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलता रहा।
ग्राम प्रधान के मुताबिक जलभराव के कारण गौशाला में रखा करीब 35 बोरी कपिला पशुआहार, कई कुंतल भूसा तथा इन्वर्टर-बैटरी समेत अन्य सामान खराब हो गया। इससे लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया गया है। वहीं सचिव ने बताया कि सभी गोवंशों को कैटलशेड से निकालकर दूसरे सुरक्षित गौशाला परिसर में व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
बीडीओ अशोक कुमार ने बताया कि गौशाला में जलभराव की स्थिति को देखते हुए टीम को मौके पर लगाया गया है। पानी की निकासी की व्यवस्था कराई जा रही है और गोवंशों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
