औद्यानिक कृषक संवाद कार्यक्रम में भाग लेते सीडीओ व अन्य।
क्लस्टर खेती और आधुनिक सिंचाई तकनीक से उत्पादन बढ़ाने की पहल, पॉली हाउस-शेडनेट हाउस को मिलेगा बढ़ावा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए अब खेती में तकनीकी बदलाव और फसल विविधीकरण पर जोर दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से गुरुवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में औद्यानिक कृषक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों के साथ उद्यमियों, एफपीओ प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर आधुनिक खेती की संभावनाओं पर मंथन किया।
सीडीओ पवन कुमार मीना ने कहा कि किसानों को केवल पारंपरिक फसलों तक सीमित रहने के बजाय हाई वैल्यू फसलों, कैश क्रॉप और मूल्य संवर्धन की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि औद्यानिक फसलों को क्लस्टर के रूप में विकसित करने से उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों को बाजार से बेहतर तरीके से जोड़ने में मदद मिलेगी।
उन्होंने खेतों में सूक्ष्म सिंचाई संयंत्रों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए किसानों से ड्रिप सहित आधुनिक सिंचाई तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। सीडीओ ने जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ ट्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी, रंगीन शिमला मिर्च जैसी एक्जोटिक फल एवं सब्जियों की खेती पर भी जोर दिया। संरक्षित खेती के तहत पॉली हाउस और शेडनेट हाउस स्थापित करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया गया।
सीडीओ ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि गांवों और किसान समूहों के बीच नियमित गोष्ठियां आयोजित कर शासन की योजनाओं, अनुदान और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाई जाए। उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना को भी किसानों की आय बढ़ाने की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए इस दिशा में पहल करने पर जोर दिया।
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने कार्यक्रम में उपस्थित किसानों, उद्यमियों, एफपीओ प्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में ज्येष्ठ विपणन निरीक्षक, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड, प्रबंधक जिला अग्रणी बैंक, भूमि संरक्षण अधिकारी, राजकीय कृषि विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं और सुविधाओं के बारे में किसानों को जानकारी दी। इस दौरान प्रगतिशील किसानों ने आधुनिक खेती को लेकर अपने अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम में धर्मेन्द्र सिंह, मयंक राज, पंकज कुमार पटेल समेत उद्यान विभाग के कर्मचारी, प्रगतिशील किसान, उद्यमी, एफपीओ प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
