एसपी को शिकायती पत्र देने जाता पीड़ित।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चैफेरवा निवासी मनोज कुमार पुत्र हेमराज ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक को शिकायती पत्र सौंपकर पुलिस कर्मियों और एक दबंग व्यक्ति पर प्रताड़ना, अवैध वसूली और साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाए। पीड़ित का कहना है कि उसे और उसके परिवार को पिछले तीन वर्षों से मानसिक, आर्थिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
शिकायती पत्र के अनुसार मामला एक जनवरी 2026 को मिली एक अज्ञात लाश से शुरू हुआ। आरोप है कि गांव के ही दबंग दिनेश पुत्र रामप्रसाद और बाईपास चैकी के कांस्टेबल मंगला प्रसाद यादव व कांस्टेबल कुलदीप यादव ने पीड़ित को हत्या के फर्जी मामले में फंसाने की धमकी दी। इस दौरान पीड़ित की पत्नी से मामले को रफा-दफा करने के नाम पर 20 हजार रुपये की अवैध वसूली भी की गई। पीड़ित के पास पुलिस कर्मियों की अभद्र भाषा और धमकी भरी बातचीत की ऑडियो व वीडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया गया है। मनोज कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने उच्चाधिकारियों से शिकायत की, तो जांच के नाम पर आए अधिकारियों ने बयान लेने के बजाय उन्हें ही डराया-धमकाया। हद तो तब हो गई जब 21 फरवरी 2026 को पीड़ित के जिले में न होने के बावजूद, दबाव बनाने की नीयत से उसका और उसके गवाहों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया। पीड़ित ने बताया कि दबंग दिनेश और पुलिसकर्मियों के गठजोड़ के कारण उसका काम-धंधा बंद हो गया है और बच्चों का भविष्य अंधकार में है। पीड़ित ने एसपी से मांग की है कि दोषियों के विरुद्ध जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने, साजिश रचने और जान से मारने की धमकी देने के संबंध में तत्काल एफआईआर दर्ज कर विभागीय कार्यवाही की जाए।
