घटनास्थल का निरीक्षण करते पुलिस अधिकारी।
– पशु चोरी के मामलों में था फरार, तमंचा, बकरियां व नकदी बरामद
CITY  NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में पशु चोरी की वारदातों से दहशत फैला रहा 25 हजार रुपये का इनामिया हिस्ट्रीशीटर आखिरकार बुधवार की देर रात पुलिस के हत्थे चढ़ गया। खखरेरू थाना क्षेत्र के भीमपुर नहर पुलिया तिराहे के पास घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को दबोचते हुए पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की दो बकरियां और नकदी बरामद की। पकड़ा गया आरोपी थाना खागा का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ प्रदेश के विभिन्न थानों में 17 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
थाना खखरेरू पुलिस को सूचना मिली कि पशु चोरी के मामलों में वांछित बदमाश भीमपुर नहर पुलिया तिराहे से सड़वापार जाने वाली नहर पटरी की ओर देखा गया है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध की तलाश शुरू की। इसी बीच पुलिस को देखकर बदमाश ने खुद को घिरता देख तमंचे से फायर कर दिया और अंधेरे का लाभ उठाकर भागने लगा। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के बाएं पैर में गोली जा लगी। घायल होने के बाद वह कुछ ही दूरी पर गिर पड़ा, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान गुड्डू उर्फ सोहेल कुरैशी पुत्र मो. नवाब निवासी बहलोलपुर ऐलई थाना खागा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी मु.अ.सं. 77/2026 व 61/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज पशु चोरी के मामलों में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, तमंचे की नाल में फंसा एक जिंदा कारतूस, चोरी की दो बकरियां और 2010 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उसे पुलिस निगरानी में रखा गया है।

पुलिस के लिए चुनौती बना था आरोपी

गुड्डू उर्फ सोहेल कुरैशी लंबे समय से पशु चोरी की वारदातों में सक्रिय था। खागा थाने का हिस्ट्रीशीटर होने के कारण उसकी गतिविधियों पर पुलिस की नजर थी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। बुधवार रात खखरेरू पुलिस ने घेराबंदी कर आखिरकार उसे दबोच लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now