फोटो परिचय- मृतका अंतिमा की फाइल फोटो।
कम उम्र में शादी के बाद गर्भवती हुई 15 वर्षीय अंतिमा ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, पिता ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
प्रसव के दौरान मृत बच्चे का जन्म, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज हुई थी रेफर; पिता ने खून न चढ़वाने और झाड़-फूंक कराने का लगाया आरोप
CITY NEWS FATEHPUR
चौडगरा, फतेहपुर(CNF)। कल्यानपुर थाना क्षेत्र में कम उम्र में विवाह और कथित तौर पर समय पर उपचार न मिलने के चलते 15 वर्षीय विवाहिता की प्रसव के करीब 24 घंटे बाद मौत हो गई। प्रसव के दौरान मृत बच्चे का जन्म हुआ था। हालत गंभीर होने पर विवाहिता को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां जांच में उसका हीमोग्लोबिन बेहद कम पाया गया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूधीकगार गांव निवासी मंझिल की पुत्री अंतिमा का विवाह करीब एक वर्ष पहले कानपुर नगर के बिठूर थाना क्षेत्र निवासी युवक से हुआ था। बताया जाता है कि इससे पहले अंतिमा का अपने ही पारिवारिक रिश्ते में आने वाले जसवीर पुत्र छेदालाल से प्रेम संबंध था। विवाह के बाद राखी का त्योहार मनाने मायके पहुंची अंतिमा कथित तौर पर जसवीर के साथ चली गई थी। इस मामले में उसके परिजनों ने कल्यानपुर थाने में शिकायत की थी।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करने के बजाय दोनों की तलाश शुरू की और बाद में उन्हें बरामद कर लिया गया। इसके बाद कुछ संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में समझौता कराया गया। आरोप है कि अंतिमा बाद में जसवीर के साथ रहने लगी। परिजनों ने इस संबंध में दोबारा पुलिस से शिकायत की और बाद में न्यायालय में भी प्रार्थना पत्र दिया। इसी दौरान अंतिमा गर्भवती हो गई।
बताया गया कि बीते शनिवार सुबह अंतिमा को प्रसव पीड़ा हुई। ससुराल पक्ष के लोग उसे गोपालगंज पीएचसी लेकर पहुंचे। वहां मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने जांच संबंधी दस्तावेज और आधार कार्ड मांगा, लेकिन परिजन उपलब्ध नहीं करा सके। कम उम्र और गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रसव कराया गया, जिसमें मृत बच्चे का जन्म हुआ। प्रसव के बाद अंतिमा की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में हुई जांच में अंतिमा का हीमोग्लोबिन महज छह ग्राम प्रति डेसीलीटर बताया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए खून चढ़ाने की सलाह दी। पिता का आरोप है कि खून चढ़ाने की बात पर ससुराल पक्ष के लोगों ने इलाज आगे जारी नहीं कराया और अंतिमा को वापस घर ले आए।
आरोप है कि अगले दिन सुबह अंतिमा को अचानक तेज रक्तस्राव शुरू हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए एक बाबा के पास ले गए। हालत में सुधार न होने पर अंतिमा की तबीयत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। नाबालिग विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर कल्यानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने थाने में तहरीर देकर जसवीर और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
