CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सदर तहसील क्षेत्र के मलवां थाना अंतर्गत ग्राम चक्की निवासी एक युवक ने खरीदे गए प्लॉट को लेकर हो रहे विवाद में तहसील प्रशासन से पैमाइश कराने की मांग की है। इस संबंध में पीड़ित ने तहसीलदार सदर को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
ग्राम चक्की निवासी अरविंद कुमार पुत्र रामपाल ने बताया कि उन्होंने 20 मई 2022 को गाटा संख्या 1524 में 20 बाई 50 का एक प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि प्लॉट विक्रेता व प्रॉपर्टी डीलर ने कथित रूप से जालसाजी करते हुए उन्हें जमीन दिखाई और उसी के आधार पर प्लॉट का बैनामा कराया। पीड़ित का कहना है कि उक्त गाटा संख्या में लगभग पांच बीघा जमीन की प्लॉटिंग राजू पासवान पुत्र मनबोधन निवासी आबूनगर द्वारा की गई थी। पीड़ित के अनुसार उन्होंने अपने प्लॉट की बाउंड्री बनवाई थी, जिसे बाद में आरोपी ने अपने लोगों के साथ मिलकर उखाड़ दिया। जब भी वह निर्माण कार्य कराने के लिए प्लॉट पर जाते हैं तो उन्हें धमकाया जाता है और कहा जाता है कि यह जमीन किसी और की है। अरविंद कुमार का कहना है कि उक्त जमीन का बैनामा और दाखिल-खारिज करीब चार वर्ष पहले ही हो चुका है। इसके बावजूद उन्हें अपने ही प्लॉट पर निर्माण करने से रोका जा रहा है। पीड़ित ने बताया कि इस मामले की जानकारी वह पहले ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी तथा कोतवाली पुलिस को दे चुके हैं। अब उन्होंने तहसीलदार सदर से गाटा संख्या 1524 की पैमाइश कराकर जमीन के विवाद का समाधान कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक, जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी को भी भेजी गई है।
