CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के कोड़ारवर गांव में रविवार को करीब 12 फीट लंबा अजगर निकलने से किसानों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और अजगर को देखने के लिए भीड़ लग गई। ग्रामीणों के मुताबिक यह तीसरी बार है जब गांव में इतना बड़ा अजगर दिखाई दिया है। अजगर के दिखने की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। बताया जा रहा है कि अजगर गांव के पास स्थित पानी की टंकी के नजदीक दिखाई दिया, जिससे आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। टीम ने अजगर को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कार्रवाई की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव और आसपास के खेतों में बार-बार अजगर दिखाई देने से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से घटनाओं से ग्रामीणों को डर का सामना न करना पड़े। फिलहाल वन विभाग की कार्रवाई के बाद गांव में स्थिति सामान्य हो गई है। ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, लेकिन क्षेत्र में अजगर के बार-बार दिखाई देने से लोग अभी भी परेशान हैं। वन रेंजर गौरव सिंह ने बताया कि सूचना पर टीम भेजी गई है।
