जिला विद्युत समिति की बैठक में भाग लेते जनप्रतिनिधि व डीएम।
– जिला विद्युत समिति की बैठक में समस्याओं पर हुआ मंथन
– किसानों को निजी नलकूपों पर कैपेसिटर बैंक लगाने की सलाह
CITY NEWS FATEHPUR
कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में सोमवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला विद्युत समिति की बैठक सांसद नरेश चंद्र उत्तम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विद्युत परियोजनाओं और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सांसद ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बिजनेस प्लान वर्ष 2023-24, 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27, आरडीएसएस, यूईएचएच सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की अद्यतन प्रगति से सांसद, विधायकगण एवं जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। समीक्षा के दौरान सदर विधायक चंद्र प्रकाश लोधी, बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी तथा हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्य ने अपने-अपने क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, कम वोल्टेज और अन्य समस्याओं को उठाते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की। अधीक्षण अभियंता विद्युत ने किसानों और निजी नलकूप संचालकों को अपने ट्यूबवेल पर मोटर की क्षमता के अनुसार कैपेसिटर बैंक लगाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इससे कम वोल्टेज की समस्या कम होगी, मोटर के जलने और बार-बार ट्रिप होने की आशंका घटेगी, पावर फैक्टर में सुधार होगा तथा ट्रांसफार्मर और केबल पर अनावश्यक दबाव भी कम पड़ेगा। इससे सिंचाई व्यवस्था अधिक सुचारू और ऊर्जा दक्ष बनेगी। बैठक में बताया गया कि 2 एचपी से 15 एचपी तक की मोटरों के लिए अलग-अलग क्षमता के कैपेसिटर बैंक निर्धारित हैं। किसानों से अपील की गई कि वे निर्धारित क्षमता का कैपेसिटर बैंक लगाकर बेहतर विद्युत आपूर्ति का लाभ उठाएं और सिंचाई के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं से राहत प्राप्त करें। बैठक में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, सदर विधायक चंद्र प्रकाश लोधी, बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी, हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्य, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता, एसडीओ विद्युत तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
