फोटो परिचय-  नहर कॉलोनी प्रांगण में धरना देतीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां।

18 हजार रुपये मासिक मानदेय की मांग, नहर कॉलोनी में प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

पोषण ट्रैकर में जीपीएस व्यवस्था से आ रही दिक्कतें दूर करने की भी मांग

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने मानदेय बढ़ाने समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को नहर कॉलोनी प्रांगण में धरना-प्रदर्शन किया। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश के बैनर तले जुटीं कार्यकत्रियों ने सरकार से उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप मानदेय निर्धारित किए जाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद संघ की जिलाध्यक्ष रेहाना परवीन के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा गया।

धरने के दौरान कार्यकत्रियों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय उनकी जिम्मेदारियों और कार्यभार के मुकाबले पर्याप्त नहीं है। संघ ने कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का न्यूनतम मानदेय 18 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।

ज्ञापन में संघ ने शासन के पत्र संख्या 2964/58-1-2026 (1420460) का हवाला देते हुए मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि में किए गए प्रावधानों का उल्लेख किया। संघ के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में 1500 रुपये तथा सहायिकाओं के मानदेय में 750 रुपये की वृद्धि के साथ पीएलआई के तहत कार्यकत्रियों को 2500 रुपये और सहायिकाओं को 1250 रुपये दिए जाने की व्यवस्था बताई गई है। संघ का कहना है कि इससे कार्यकत्रियों को उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप पर्याप्त राहत नहीं मिली है।

संविदा परिषद के मानकों के अनुरूप भुगतान की मांग

संघ ने मांग रखी कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय का पुनर्निर्धारण करते हुए उन्हें संविदा परिषद के मानकों के अनुरूप न्यूनतम 18 हजार रुपये प्रतिमाह का मानदेय दिया जाए। कार्यकत्रियों ने कहा कि लगातार बढ़ रही जिम्मेदारियों के बीच सम्मानजनक मानदेय मिलने से उन्हें आर्थिक राहत मिल सकेगी।

पोषण ट्रैकर की जीपीएस व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी

ज्ञापन में पोषण ट्रैकर को जीपीएस के माध्यम से संचालित किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। संघ का कहना है कि जीपीएस आधारित व्यवस्था के चलते कार्यकत्रियों को पोषण ट्रैकर के संचालन में व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पोषण ट्रैकर को पूर्व व्यवस्था के अनुरूप संचालित किए जाने की मांग की।

संघ ने मुख्यमंत्री से मानदेय बढ़ाने और पोषण ट्रैकर संबंधी समस्याओं सहित अन्य मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपील की। धरने में रंजना देवी, मन्नू देवी, रेनू देवी, सीमा यादव, ऊषा देवी, लक्ष्मी देवी, गायत्री देवी, माया शुक्ला, संगीता द्विवेदी, अमिता, सरिता, विनोदनी, विभा देवी, शारदा देवी, रेखा देवी समेत अन्य आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now