– शरीर पर चोट के निशान मिलने का बाबा ने किया दावा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। राधानगर थाना क्षेत्र के कला मदारीपुर गांव में ननिहाल में रह रहे ढाई वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मासूम के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए उसके बाबा ने मां और मामा पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार मदनपुर गांव निवासी स्वर्गीय कमल किशोर की मई माह में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उनकी पत्नी राधा देवी अपने ढाई वर्षीय पुत्र अभियान सिंह के साथ मायके कला मदारीपुर चली गई थीं। तब से अभियान अपनी मां के साथ ननिहाल में रह रहा था।

बताया जा रहा है कि शनिवार शाम अचानक मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के बाबा शिवमंगल ने बताया कि उन्हें अभियान की मौत की सूचना मिली थी। जब उन्होंने मासूम को देखा तो उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए।

बाबा ने मासूम की मां राधा देवी और मामा छोटू पर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now