फोटो परिचय- मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड कमेटी के नवमनोनीत पदाधिकारी।
मशहूर शायर दागनियाजी और हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अयाज अली बने प्रदेश उपाध्यक्ष
संभल-मुरादाबाद में नए जिलाध्यक्षों की तैनाती, संगठन विस्तार को दी जाएगी रफ्तार
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ऑफ इंडिया के संगठनात्मक विस्तार को लेकर प्रदेश अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद ने प्रदेश कमेटी में बड़ा फेरबदल करते हुए कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने दो प्रमुख हस्तियों को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही प्रदेश सचिव और संभल व मुरादाबाद जिलों के जिलाध्यक्षों का भी मनोनयन किया है। नई नियुक्तियों के साथ संगठन को प्रदेश और जिला स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की कवायद तेज होने की उम्मीद है।
प्रदेश अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार कानपुर नगर के रोशन नगर निवासी मशहूर शायर हाजी अली मोहम्मद उर्फ ‘दागनियाजी’ तथा हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता सय्यद मोहम्मद अयाज अली को प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। दोनों वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने को प्रदेश कमेटी के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
इसी क्रम में कानपुर के तलाक महल निवासी मोहम्मद सलीस को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उबैद अहमद को संभल तथा शफीकुर्रहमान चौधरी को मुरादाबाद का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों नवमनोनीत जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में संगठन का शीघ्र विस्तार करते हुए नई कमेटी का गठन करें और पदाधिकारियों की सूची संस्तुति के लिए प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध कराएं। इससे जिला स्तर पर संगठन की गतिविधियों को गति मिलने की संभावना जताई गई है।
हाजी फरीद अहमद ने सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन की नीतियों एवं उद्देश्यों के अनुरूप पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश कमेटी को मजबूत करने के साथ-साथ जिला स्तर पर संगठन का विस्तार प्राथमिकता में है। नई नियुक्तियां इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
प्रदेश कमेटी में हुए इस विस्तार के बाद अब संगठन की आगामी गतिविधियों और जिला इकाइयों के गठन पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
