स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की जांच करते स्वास्थ्य कर्मी।
180 ग्रामीणों की हुई जांच, 63 बुखार की चपेट में
मलेरिया के 49 और डेंगू के छह टेस्ट, सभी परिणाम सामान्य
CITY NEWS FATEHPUR
धाता/फतेहपुर(CNF)। मौसम में उतार-चढ़ाव के साथ ग्रामीण इलाकों में मौसमी बीमारियों का असर दिखाई देने लगा है। सर्दी-जुकाम, सिरदर्द, बदन दर्द और बुखार की शिकायत लेकर मरीज स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गांवों में पहुंचकर लोगों की जांच और उपचार शुरू कर दिया है।
मंगलवार को अहमदपुर कुशुम्भा, नगरूवा, जाम, बेलाई सहित कई गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इन शिविरों में करीब 180 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें 63 लोग बुखार से पीड़ित मिले। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच करने के साथ उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं और बीमारी से बचाव के तरीके भी बताए।
बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू और मलेरिया को लेकर भी सतर्कता बरती। कुल 49 मरीजों की मलेरिया जांच तथा छह मरीजों की डेंगू जांच कराई गई। जांच में सभी रिपोर्ट निगेटिव आने से स्वास्थ्य विभाग और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
शिविर में स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने और आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने पर जोर दिया गया। चिकित्सकों ने कहा कि बुखार होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है। तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द या लगातार कमजोरी जैसे लक्षण बने रहने पर तत्काल सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई।
शिविरों का आयोजन सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में किया गया। टीम में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. राजेश सिंह, जितेंद्र सिंह, एलटी जितेंद्र सिंह, सूर्य प्रकाश सिंह, अरुण कुमार, सोमेश, दीपक सिंह सहित महिला स्वास्थ्य कर्मी शामिल रहीं। स्वास्थ्य टीम ने मरीजों की जांच और उपचार के साथ ग्रामीणों को वायरल फीवर तथा अन्य मौसम जनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव के चलते सर्दी-जुकाम और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर लगातार जांच, उपचार और दवाओं की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि डेंगू और मलेरिया की जांच में अभी तक सभी रिपोर्ट निगेटिव मिली हैं। लोगों से अपील की गई है कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी को नजरअंदाज न करें और लक्षण दिखाई देने पर समय रहते सरकारी अस्पताल में जांच कराएं।
