घायल बदमाश को लेकर जाती पुलिस टीम।
– पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था हिस्ट्रीशीटर अलीरजा
– पैर में गोली लगते ही खुल गया अंतर्जनपदीय चोरी गैंग का राज
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कल्यानपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। निर्माणाधीन न्यू मलवां रेलवे स्टेशन से कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह के सक्रिय सदस्य, 25 हजार रुपये के इनामी और हिस्ट्रीशीटर बदमाश अलीरजा को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी का कॉपर तार, पैशन प्रो मोटरसाइकिल, एंड्रॉयड मोबाइल और नगदी बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी बिंदकी के नेतृत्व में थाना कल्यानपुर पुलिस टीम वांछित अभियुक्तों की तलाश में क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अपराधी अलीरजा चौडगरा चौराहे के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाश मोटरसाइकिल से भागने लगा और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अलीरजा के पैर में गोली लग गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल बदमाश को मौके पर ही गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी पिंटू सिंह चौहान और अन्य सदस्यों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चलाता है, जो रेलवे स्टेशन, सिग्नल और अन्य स्थानों की रेकी कर कॉपर केबल और अर्थिंग पट्टियां चोरी करता था। गिरोह के सदस्य घटना के दौरान सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी निकाल लेते थे, ताकि कोई साक्ष्य न बच सके। आरोपी ने बताया कि गिरोह का सरगना पिंटू सिंह चौहान पहले रेलवे में काम कर चुका है, जिसके कारण उसे रेलवे सिस्टम की पूरी तकनीकी जानकारी है। चोरी किए गए कॉपर तार और अन्य सामान को अलग-अलग जगह बेचकर रकम आपस में बांट ली जाती थी। पुलिस के मुताबिक 10 नवंबर 2025 को डीएफसीसीआईएल न्यू मलवां रेलवे स्टेशन के गोदाम से कॉपर वायर चोरी होने के मामले में थाना कल्यानपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसी मामले में अलीरजा वांछित चल रहा था। इस गिरोह के सदस्य हरिओम शुक्ला और निर्भय सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी अलीरजा पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी ग्राम चौरेहा थाना बिंदकी का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ फतेहपुर और कानपुर नगर समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और धोखाधड़ी समेत दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना प्रभारी सुमित देव पाण्डेय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रविशंकर, उपनिरीक्षक संजय सिंह परिहार, विवेक कुमार, शिवनारायण सिंह समेत पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।
