– दस चालकों पर कार्रवाई कर एक लाख का जुर्माना
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी यातायात प्रगति यादव के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान प्रभारी यातायात निरीक्षक केशरी प्रसाद यादव एवं उनकी टीम ने शराब के नशे में वाहन चला रहे दस चालकों को पकड़ लिया। जांच में पुष्टि होने पर सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई करते हुए कुल एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। वाहन चालकों को बताया गया कि नशे की हालत में वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है और इससे गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो सकती हैं। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट व चार पहिया चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि लोगों की सुरक्षा और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है।
