कई ठिकानों पर देर शाम तक चलता हार-जीत का खेल

CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर में अवैध जुए का कारोबार एक बार फिर तेजी से फल-फूल रहा है। शहर के कई इलाकों में रोजाना दोपहर बाद जुए की फड़ सजने लगती है, जहां देर शाम तक हजारों रुपये के दांव लगाए जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गढ़ीवा के जंगल, रियाज कॉलोनी और भंगियाना तालाब के आसपास सहित कई स्थानों पर रोज ठिकाना बदलकर जुआ खिलाया जा रहा है, जिससे पुलिस की निगरानी से बचा जा सके। सूत्रों के अनुसार, इस अवैध कारोबार के संचालन में कसौड़े क्षेत्र के दो युवक और रियाज कॉलोनी का एक युवक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। बताया जाता है कि ये लोग हर दिन अलग-अलग स्थानों पर फड़ लगवाते हैं और बड़ी संख्या में जुआरियों को इकट्ठा कर हार-जीत का खेल चलवाते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खुलेआम चल रहे जुए के कारण कई परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। लोग अपनी मेहनत की कमाई दांव पर लगाकर बर्बादी की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे पारिवारिक विवाद और सामाजिक समस्याएं भी बढ़ रही हैं। लोगों का यह भी आरोप है कि लगातार जुआ संचालित होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने से संचालकों के हौसले बुलंद हैं। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अवैध जुआ संचालित करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि इस गैरकानूनी गतिविधि पर रोक लग सके और शहर का माहौल खराब होने से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now