संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनतीं डीएम व साथ में एसपी।
– तीन मामलों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
– संपूर्ण समाधान दिवस बिन्दकी में 25 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को बिंदकी तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों की बाढ़ आ गई। कुल 141 फरियादियों ने अलग-अलग विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, लेकिन मौके पर सिर्फ 25 शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। शेष 116 प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल, डीएम निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक संयुक्त रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने एक-एक फरियादी की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने साफ कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि फरियादियों को राहत देने का मंच है। यदि शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं हुआ या अधिकारी ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई तय मानी जाए। इसी दौरान तीन शिकायतों के सही निस्तारण में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए स्पष्टीकरण तलब कर लिया गया। डीएम ने केवल शिकायतें सुनकर ही संतोष नहीं किया बल्कि सम्पूर्ण समाधान दिवस रजिस्टर और उपस्थिति पंजिका का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि सरकारी कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्र गरीबों तक हर हाल में पहुंचना चाहिए। एसपी ने पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था और जनसुनवाई दोनों में संवेदनशीलता जरूरी है। समाधान दिवस में राजस्व, कृषि, समाज कल्याण, पूर्ति, पशुपालन, डीआरडीए, नगर निकाय, पेंशन, आवास, सिंचाई, नलकूप समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now