– विद्यालय को नहीं बनने देंगे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। कस्बे में शिक्षा के नाम पर जारी अवैध वसूली और शिक्षा माफिया के बढ़ते वर्चस्व के खिलाफ अब जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रवीण पांडेय अन्नू कटियार और नारायण सिंह ने संयुक्त रूप से मोर्चा खोलते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि कस्बे के कुछ चुनिंदा विद्यालय पिछले कुछ ही वर्षों में लाखों से करोड़ों की संपत्ति बनाकर शिक्षा माफिया के रूप में उभरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा के मंदिर को व्यापारिक केंद्र बना दिया गया है। नेताओं ने स्पष्ट लहजे में कहा कि एक पिता और एक अभिभावक को बहुत लूटा गया है। क्षेत्र के अभिभावकों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि लगातार शिकायतों के बावजूद इन विद्यालयों पर अब तक कोई ठोस विभागीय कार्यवाही नहीं हुई है। नेताओं का कहना है कि प्रशासन की चुप्पी इन माफियाओं के हौसले बुलंद कर रही है। हुंकार भरते हुए नेताओं ने कहा कि अब यह लड़ाई केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेगी। अगर जल्द ही इन विद्यालयों की अवैध कमाई और मनमानी फीस वसूली पर लगाम नहीं कसी गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान भारी संख्या में अभिभावक और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर शिक्षा माफिया के खिलाफ संघर्ष का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now