लखनऊ बाईपास पर कंटेनर की टक्कर से हुआ था हादसा, घर में पसरा मातम
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास स्थित एनएच-2 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल महिला ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में उसके 22 वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई थी। बेटे की मौत के कुछ घंटे बाद मां की भी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
बकेवर थाना क्षेत्र के मोईनुद्दीनपुर गांव निवासी पुत्तन का 22 वर्षीय पुत्र रोहित अपनी 46 वर्षीय मां नीलम देवी को बाइक पर बैठाकर खागा से घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों लखनऊ बाईपास स्थित एनएच-2 पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां नीलम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल नीलम देवी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन देर शाम नीलम देवी ने भी दम तोड़ दिया। एक ही हादसे में मां-बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। उधर, कंटेनर चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
