घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– धारदार हथियार लेकर ससुराल पहुंचा था पवन विश्वकर्मा, विवाद के बाद मची अफरातफरी
– चार घायलों को कानपुर हैलट किया गया रेफर, साला राजू विश्वकर्मा अब भी लापता
– एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की, आत्मरक्षा में दामाद को चोट लगने की बात
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। औंग थाना क्षेत्र के बीकमपुर गांव में बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। ससुराल पहुंचे दामाद पवन विश्वकर्मा ने कथित रूप से धारदार हथियार से हमला कर ससुराल पक्ष के पांच लोगों को घायल कर दिया। चीख-पुकार के बीच परिवार के लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पवन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पवन का साला राजू विश्वकर्मा लापता होने से पुलिस के लिए जांच की एक और कड़ी जुड़ गई है।
बताया गया कि पवन विश्वकर्मा की पत्नी गुजरात में बच्चों के साथ रहती है। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी को लेकर पवन का ससुराल पक्ष से भी मनमुटाव बताया जा रहा है। बुधवार रात वह बीकमपुर स्थित ससुराल पहुंचा था। यहां किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया।
आरोप है कि पवन ने धारदार हथियार से ससुराल के लोगों पर हमला बोल दिया। हमले में साला, सलहज और तीन भतीजे समेत पांच लोग घायल हो गए। अचानक हुए हमले से घर में अफरातफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चार लोगों को कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया।
इधर, परिवार के लोगों ने पवन को रोकने और घायलों को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान पवन को भी गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। सूचना पर औंग पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही मौजूद लोगों और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी।
ग्रामीणों की पिटाई से मौत की पुष्टि नहीं
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से घटना की जानकारी ली। एसपी के मुताबिक, अब तक की जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से सामने आया है कि पवन ने धारदार हथियार से परिवार के सदस्यों पर हमला किया था। घायलों ने बीच-बचाव और आत्मरक्षा में उसे रोकने का प्रयास किया, इसी दौरान पवन को चोटें आईं।
एसपी ने स्पष्ट किया कि अभी तक की जांच में ग्रामीणों द्वारा पवन को सामूहिक रूप से पीट-पीटकर मार डालने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
राजू की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पवन का साला राजू विश्वकर्मा लापता बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के दौरान राजू कहां मौजूद था तथा बाद में वह कहां गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और बयानों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में लगी है।
