डीएम को ज्ञापन देने के लिए खड़े कांग्रेसी।
– लोकतांत्रिक व्यवस्था का बताया खुला अपमान, कार्रवाई की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। खागा तहसील क्षेत्र के साधन सहकारी समिति कूरा के अध्यक्ष व उपसभापति के हुए निर्वाचन पर कांग्रेसियों ने उंगली उठाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया तत्पश्चात जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था का खुला अपमान बताया। साथ ही निर्वाचन अधिकारी के विरूद्ध कार्रवाई करके पुनः नियमानुसार चुनाव सम्पन्न कराए जाने की मांग की।
कांग्रेसी नेता एवं खागा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी ओम प्रकाश गिहार की अगुवई में पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को भेजे गए ज्ञापन में बताया कि खागा तहसील में पिछली सात मार्च को साधन सहकारी समिति कूरा में अध्यक्ष व उपसभापति का चुनाव होना था। जिसमें चुनाव अधिकारी धाता विकास खण्ड के सचिव लवलेश मिश्रा को नियुक्त किया गया था। चुनाव में पर्चा खरीदने का समय सुबह ग्यारह बजे से बारह बजे तक था। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुबह दस बजे से शाम तक इंतजार करते रहे लेकिन निर्वाचन अधिकारी चुनाव स्थल नहीं आए। सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि सत्ता पक्ष के नेताओं के दबाव में नामांकन प्रक्रिया पूर्ण नहीं कराई गई और चुनाव अधिकारी ने चेतराम पासवान को निर्विरोध सभापति व उपसभापति भी घोषित कर दिया जो कि लोकतांत्रिक व्यवस्था का खुला अपमान है। इससे यह भी स्पष्ट हो रहा है कि भविष्य में होने वाले पंचायत चुनाव भी निष्पक्ष ढंग से नहीं होंगे। कांग्रेसियों ने राज्यपाल से मांग किया कि संपूर्ण प्रकरण का संज्ञान लेकर निर्वाचन निरस्त कराकर पुनः नियमानुसार चुनाव कराए जाएं साथ ही निर्वाचनच अधिकारी के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष बीरेन्द्र सिंह चैहान, सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी राजू लोधी, हुसैनगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी शिवाकांत तिवारी, सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मोहसिन खान, सुरेश तिवारी व संदीप साहू एडवोकेट भी मौजूद रहे।
