– ई-रिक्शा की छत पर बैग और गैस चूल्हा छोड़ गई थी महिला
– बैग में 1.10 लाख रुपये नकद और 20 हजार के चांदी के आभूषण थे
– सामान लौटाने वाली पुलिस टीम को एसपी ने 15 हजार रुपये से किया पुरस्कृत

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जल्दबाजी में ई-रिक्शा से उतरने के दौरान छूटा लाखों रुपये का सामान महिला के लिए चिंता का सबब बन गया। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाकर ई-रिक्शा की तलाश शुरू की और महज 24 घंटे में पूरा सामान बरामद कर लिया। बैग में नकदी और चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान सुरक्षित मिला। पुलिस की तत्परता पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

कोतवाली नगर क्षेत्र के 256 ए पानी मोहल्ला निवासी शिखा तिवारी पत्नी कृष्ण चरण त्रिपाठी तीन सितंबर को अपने पिता, सास और बहन के बेटे के साथ ई-रिक्शा से ज्वालागंज बस स्टॉप जा रही थीं। यात्रा के दौरान उन्होंने अपना बैग और गैस चूल्हा ई-रिक्शा की छत पर रख दिया। ज्वालागंज पहुंचने पर सभी लोग नीचे उतर गए, लेकिन सामान छत पर ही रह गया।

परिवार के साथ पैतृक गांव बभनपुर, थाना थरियांव पहुंचने के बाद महिला को सामान छूटने की जानकारी हुई। बैग में बड़ी रकम और चांदी के आभूषण होने के कारण वह अपने पिता के साथ कोतवाली नगर पहुंचीं और पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर सामान बरामद कराने की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कोतवाली नगर पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने ज्वालागंज बस स्टॉप से लेकर आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर ई-रिक्शा की पहचान करते हुए पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।

लगातार प्रयास के बाद शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने पर्मा का पुरवा से महिला का बैग और गैस चूल्हा बरामद कर लिया। बैग खोलकर पहचान कराई गई तो उसमें 1.10 लाख रुपये नकद, करीब 20 हजार रुपये कीमत के चांदी के आभूषण और अन्य सामान सुरक्षित मिला। पुलिस ने नियमानुसार पूरा सामान महिला को सौंप दिया।

पुलिस के मुताबिक ई-रिक्शा चालक महेश पुत्र मेघनाथ निवासी पर्मा का पुरवा को छत पर बैग और गैस चूल्हा छूटा मिला था। वह सामान के मालिक की तलाश कर रहा था। पुलिस के पहुंचने पर चालक ने सामान सौंप दिया।

बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक आजाद कुमार यादव, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, कांस्टेबल दीपक कुमार और कांस्टेबल सनी सिंह शामिल रहे। टीम की त्वरित कार्रवाई पर एसपी ने 15 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now