यार्ड में खड़े वाहनों में आग लगने के बाद उठते धुएं का दृश्य।
– हादसे में लाखों के नुकसान की आशंका, फायर टीम ने बुझाई आग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मलवां थाना क्षेत्र के सौंरा गांव स्थित एक यार्ड में खड़े 134 वाहनों में से करीब बारह से तेरह वाहनों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही मलवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। वहीं फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक परिसर में खड़े करीब दस ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। आग इतनी भीषण थी कि ट्रकों के टायर फटने की आवाजों से आसपास के लोग सहम गए। मौके पर भारी भीड़ जुट गई, जिसे पुलिस ने हटाकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। आशंका जताई जा रही है कि इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उपरोक्त घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
