– हर विद्यालय को 2500 की धनराशि जारी
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। नए शैक्षिक सत्र के आगमन के साथ ही परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से स्कूल चलो अभियान को गति दे दी गई है। अभियान के सफल संचालन के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रत्येक परिषदीय विद्यालय के पीएफएमएस खाते में ढाई हजार रुपये भेज दिया है, जिससे विद्यालय स्तर पर विविध जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा सकें।
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में रैली, अभिभावक बैठक व नव प्रवेशी बच्चों के स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिक्षकों द्वारा घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को बच्चों के नामांकन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इससे शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य हासिल किया जा सके। प्राप्त धनराशि का उपयोग निर्धारित मदों में किया जाएगा। इसमें 600 रुपये का बैनर, रैली व अभिभावक बैठक के दौरान बच्चों, अभिभावकों, एसएमसी सदस्यों व शिक्षकों के जलपान पर 1500 और विद्यालय सजावट (झंडी, गुब्बारे आदि) पर 400 रुपये व्यय किए जाएंगे। महानिदेशक स्कूल शिक्षा का आदेश आने के बाद विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर नामांकन बढ़ाने की रणनीति तैयार की जा रही है। साथ ही नवप्रवेशी बच्चों का तिलक कर स्वागत कर उन्हें विद्यालय से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। खंड शिक्षाधिकारी ऐरायां रत्नामणी मिश्रा ने बताया कि स्कूल चलो अभियान के माध्यम से एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि धनराशि का पारदर्शी उपयोग करते हुए अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करें।
