CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। नगर में भारी वाहनों की नो एंट्री व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त होती नजर आ रही है। प्रशासन द्वारा निर्धारित समय पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के बावजूद ट्रक, डंपर और अन्य बड़े वाहन धड़ल्ले से नगर के अंदर प्रवेश कर रहे हैं। इससे न केवल यातायात व्यवस्था चरमरा गई है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
इस लापरवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि नो एंट्री के समय भारी वाहन बेधड़क नगर में प्रवेश कर रहे हैं, जबकि मौके पर तैनात जवान अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह विफल नजर आ रहे हैं। वीडियो में जवानों की उदासीनता और ड्यूटी के प्रति लापरवाही साफ झलक रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नो एंट्री के दौरान तैनात जवान न तो वाहनों को रोकते हैं और न ही किसी प्रकार की सख्ती बरतते हैं। इससे नगर के मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और कामकाजी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नो एंट्री व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए और लापरवाही बरतने वाले जवानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, नियमित निगरानी और चेकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो। वायरल वीडियो ने एक बार फिर व्यवस्था की पोल खोल दी है और जिम्मेदार अधिकारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
