नहर कॉलोनी में धरना देते भाकियू पदाधिकारी व किसान।

समस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों से हुई तीखी नोकझोंक, रेलवे ट्रैक पर आंदोलन की चेतावनी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को नहर कॉलोनी में धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। जिलाध्यक्ष नवल किशोर की अध्यक्षता में आयोजित धरने में किसानों ने कहा कि बार-बार अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। किसानों ने मौके पर ही उच्चाधिकारियों को बुलाकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
धरने की जानकारी पर सदर उप जिलाधिकारी पिनाक पाणि द्विवेदी मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता कर धरना समाप्त करने का प्रयास किया। हालांकि, किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना था कि जब तक समस्याओं के निस्तारण को लेकर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

जिलाध्यक्ष नवल सिंह पटेल की ओर से जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन में किसानों पर विभिन्न थानों में दर्ज मुकदमों की समीक्षा कर उन्हें वापस लेने, जिले में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने तथा किसानों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। बंद पड़ी सहकारी समितियों को तत्काल संचालित कराने और किसानों को समय से पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

किसानों ने मंडियों में आढ़तियों द्वारा आलू पर वसूले जा रहे अतिरिक्त शुल्क पर रोक लगाने, जल जीवन मिशन के तहत अधूरी पड़ी पानी की टंकियों का निर्माण पूरा कराने तथा गांवों में खराब पड़े रास्तों की मरम्मत कराने की मांग रखी। इसके साथ ही गांवों में नियमित सफाई, दवा का छिड़काव और नालियों की सफाई सुनिश्चित कराने की मांग भी की गई।
ज्ञापन में खखरेरू थाने में तैनात उपनिरीक्षक कृपाशंकर यादव पर किसानों पर दबाव बनाने, कथित अवैध वसूली तथा एकपक्षीय कार्रवाई करने के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई। किसानों ने हदबंदी व बंटवारे से जुड़े मुकदमों में आख्या प्रस्तुत करने की समय-सीमा तय करने, अंश निर्धारण और नाम शुद्धिकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग भी उठाई।
इसके अलावा अघोषित बिजली कटौती से राहत दिलाने तथा दूरसंचार कंपनियों के खराब नेटवर्क की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। किसानों का कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के कारण लोगों को रोजमर्रा के जरूरी कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

धरना समाप्त कराने के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से सीओ सिटी गौरव शर्मा को भी मौके पर भेजा गया। इस दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे रेलवे ट्रैक पर बैठकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। काफी देर तक चले वार्ता और मान-मनौव्वल के बाद एसडीएम पिनाक पाणि द्विवेदी ने किसानों को उनकी समस्याओं के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान धरना समाप्त करने को राजी हुए।
धरने में राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेन्द्र सिंह, शशांक उत्तम, रामहंस पटेल, रमन सिंह, देव नारायण पटेल, विवेक सिंह यादव, रेहाना परवीन, ममता गुप्ता, जितेंद्र पटेल, मुन्ना शेख, नागेंद्र यादव, सुरेंद्र पटेल, दिनेश भानु प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान व भाकियू पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now