CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। कस्बे में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बनी हुई है। कोतवाली के सामने स्थित बिजली के खंभे पर बड़ी संख्या में तारों के लटकने से अव्यवस्था का आलम है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तारों के इस जाल के कारण आए दिन फाल्ट होने से बिजली आपूर्ति बाधित होती रहती है। वहीं, अव्यवस्थित तारों से हादसे की आशंका भी बनी हुई है।

स्थानीय निवासी राजकुमार तिवारी, राजन और पंकज ने बताया कि एक ही खंभे पर कई कनेक्शन होने के कारण अक्सर बिजली संबंधी खराबी सामने आती रहती है। गर्मी और उमस के दौरान आपूर्ति बाधित होने पर लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। पंखे व कूलर बंद होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

लोगों के अनुसार तारों के बीच किसी लाइन में खराबी आने पर फाल्ट का पता लगाने में भी कर्मचारियों को काफी दिक्कत होती है। इसके चलते मरम्मत में समय लगने से कई बार लंबे समय तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहती है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर खंभों और लाइनों के नियमित रखरखाव पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कोतवाली के सामने स्थित खंभे का निरीक्षण कराकर तारों को व्यवस्थित कराने की मांग की है। साथ ही अनावश्यक कनेक्शनों को हटाने, लाइनों की नियमित जांच कराने और जर्जर व अव्यवस्थित तारों को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि फाल्ट की समस्या के साथ संभावित हादसे का खतरा भी कम हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now