फोटो परिचय-  पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।

– पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित, एसपी ने दिलाई अहिंसा और कर्तव्यपरायणता की शपथ

– थानों से लेकर पुलिस कार्यालय तक मनाई गई महापुरुषों की जयंती

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जिलेभर के पुलिस कार्यालयों, थानों और पुलिस चौकियों में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित क्वार्टर गार्द में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों को अहिंसा, सत्यनिष्ठा, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और कर्तव्यों के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई।

एसपी ने कहा कि गांधीजी के अहिंसा और शांति के सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। प्रत्येक पुलिसकर्मी का दायित्व है कि वह मानवीय मूल्यों का सम्मान करते हुए समाज में शांति और आपसी सद्भाव कायम रखने में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से महापुरुषों के विचारों को अपने आचरण में उतारने और पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान एसपी ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों सहित मौजूद पुलिसकर्मियों को उपहार और मिठाई वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं, पुलिस कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक ने भी महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।

इसी क्रम में जनपद के सभी थानों और पुलिस चौकियों में भी जयंती समारोह आयोजित हुए। थाना प्रभारियों ने ध्वजारोहण के बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now