ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे का दृश्य।
– निर्माण कार्य पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
– डीएम से शिकायत, लेखपाल पर संरक्षण देने के आरोप
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। तहसील क्षेत्र के किशनपुर थाना अंतर्गत राजस्व ग्राम गढ़ीवा मझगवां में ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जा कर मकान निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी से शिकायत कर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम समाज की भूमि पर लंबे समय से अवैध रूप से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निर्माण शुरू होने के समय ही स्थानीय प्रशासन एवं राजस्व विभाग को इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। परिणामस्वरूप कई लोगों ने सरकारी भूमि पर स्थायी मकान बना लिए। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में छोटा निषाद द्वारा भी खाद के गड्ढे एवं ग्राम समाज की भूमि पर मकान का निर्माण कराया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह सब क्षेत्रीय लेखपाल की कथित मिलीभगत और संरक्षण के कारण संभव हो सका। उनका कहना है कि यदि समय पर कार्रवाई होती तो सरकारी भूमि पर कब्जा नहीं हो पाता। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर ग्राम समाज की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने, अवैध निर्माण हटाने तथा दोषी अधिकारियों और कब्जाधारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी भूमि पर लगातार हो रहे कब्जों से भविष्य में सार्वजनिक उपयोग की जमीन समाप्त होने का खतरा पैदा हो गया है। इस संबंध में एसडीएम अभिनित कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की राजस्व विभाग से जांच कराई जाएगी और यदि ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now