बड़ौरी टोल प्लाजा पर वाहन खड़ा कर जाम लगाए चालक।
– बड़ौरी टोल प्लाजा के पास खड़े किए ट्रक, आधे घंटे तक थमा रहा यातायात
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर चालान किए जाने के विरोध में शनिवार को ट्रक चालकों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बड़ौरी टोल प्लाजा के पास चालकों ने अपने ट्रकों को हाईवे पर आड़े-तिरछे खड़ा कर जाम लगा दिया। देखते ही देखते कई अन्य ट्रक चालक भी प्रदर्शन में शामिल हो गए। जाम से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। ट्रक चालकों का आरोप है कि एआरटीओ विभाग की ओर से लगातार चालान किए जा रहे हैं। चालकों का कहना था कि कई मामलों में बिना उचित कारण बताए चालान कर दिया गया, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है। शनिवार को इसी के विरोध में चालकों ने बड़ौरी टोल प्लाजा के पास अपने वाहन खड़े कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हाईवे पर अचानक ट्रकों के खड़े होने से यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। दोनों तरफ वाहनों की कतार बढ़ने लगी और राहगीरों व अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे ट्रक चालकों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने चालकों से सड़क खाली करने की अपील करते हुए यातायात व्यवस्था बहाल कराने की कवायद शुरू की। काफी समझाने-बुझाने के बाद ट्रक चालकों ने अपने वाहन हाईवे से हटा लिए। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। हालांकि करीब आधे घंटे तक हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा। ट्रक चालकों ने चेतावनी दी कि यदि चालान के नाम पर जबरन कार्रवाई का सिलसिला जारी रहा तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now