जमीन के विवाद में आमने-सामने आए भाजपा नेता, हाईवे पर मारपीट और फायरिंग से हड़कंप

वायरल वीडियो ने बढ़ाई हलचल, एक में मारपीट तो दूसरे में सुनाई दी गोली चलने की आवाज

पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को लिया हिरासत में, रिंकू लोहारी व वीरेंद्र सिंह भी शामिल

जमीन की कब्जेदारी को लेकर पहले से चल रहा था विवाद, पुलिस ने शुरू की गहन जांच

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। थरियांव थाना क्षेत्र की हसवा चौकी के पास बुधवार दोपहर जमीन के कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते सड़क पर आ गया। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। नेशनल हाईवे पर हुई भिड़ंत से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच फायरिंग जैसी आवाज सुनाई देने से मामला और गंभीर हो गया।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर दो वीडियो प्रसारित होने लगे। एक वीडियो में हाईवे पर कुछ लोगों के बीच मारपीट और पुलिस द्वारा स्थिति संभालने का प्रयास दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दे रही है। हालांकि पुलिस अभी तक यह पुष्टि नहीं कर सकी है कि वास्तव में फायरिंग किसने की और गोली किस दिशा में चलाई गई।

जमीन की खरीद के बाद शुरू हुआ था विवाद

प्रारंभिक पुलिस जांच में मामला जमरावां वार्ड से भाजपा के जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह उर्फ रिंकू लोहारी और भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह के पक्षों के बीच सामने आया है। पुलिस के मुताबिक हसवा चौकी क्षेत्र में स्थित जमीन के एक हिस्से को वीरेंद्र सिंह के परिवार के एक सदस्य द्वारा रिंकू लोहारी को बेचे जाने की बात सामने आई है। इसी जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दोनों पक्षों में पहले से विवाद चला आ रहा था।

बुधवार को इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और बाद में विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। कुछ देर के लिए स्थिति सामान्य हुई, लेकिन बाद में दूसरे पक्ष के कुछ युवकों के पहुंचने के बाद विवाद दोबारा भड़क उठा।

हाईवे पर मची अफरा-तफरी

दोनों पक्षों के लोग नेशनल हाईवे पर ही भिड़ गए। मारपीट के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कराया। इसी दौरान फायरिंग की आवाज वाला वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी।

मारपीट में दोनों पक्षों के दो लोगों के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद दोनों पक्ष अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचे, जहां काफी देर तक आरोप-प्रत्यारोप और हंगामे की स्थिति बनी रही।

छह लोग हिरासत में, वीडियो की भी पड़ताल

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों से छह लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में भाजपा नेता अजय सिंह उर्फ रिंकू लोहारी और वीरेंद्र सिंह भी शामिल बताए गए हैं।

पुलिस अब वायरल वीडियो के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में सुनाई दे रही फायरिंग की आवाज और मौके की परिस्थितियों का मिलान कराया जा रहा है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि दोनों पक्षों से कुल छह व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। क्षेत्राधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now