फोटो परिचय- बैठक में प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह, डीएम निधि गुप्ता वत्स एवं जनप्रतिनिधि।

एक माह तक चलेगा जनसेवा का सिलसिला, योजनाओं के लाभार्थियों को जोड़ने पर जोर

शाम सात बजे होगा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, सरकारी व सार्वजनिक स्थलों पर जलेंगे दीप

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। सेवा और सुशासन के साथ आम लोगों की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विभागवार तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जनपद प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

बैठक में तय किया गया कि अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाएगा। विभिन्न विभाग अपने स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास करेंगे।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद सेवा दिवस’ के रूप में होगी। इस अवसर पर शाम सात बजे जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। सरकारी भवनों के साथ सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों, पंचायत भवनों, अन्नपूर्णा भवनों और सरोवरों में भी दीप जलाने की तैयारी है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े परिवारों को भी शामिल किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य योजनाओं के लाभार्थियों को अभियान से जोड़ने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों में जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है।

अधिकारियों को दी गई जिम्मेदारियां

प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम व्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित होना चाहिए। नोडल अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों की नियमित समीक्षा करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचे। इसके लिए अधिकारियों को योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देना होगा।

जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर भी हुआ मंथन

बैठक में अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर जनप्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने जनप्रतिनिधियों के सुझावों के लिए आभार व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, एमएलसी अविनाश सिंह चौहान, विधायक जहानाबाद राजेंद्र सिंह पटेल, विधायक अयाह शाह विकास गुप्ता, विधायक बिंदकी जय कुमार सिंह जैकी, पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिला महामंत्री पुष्पराज सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now