– खागा में कच्ची कोठरी ढहने से 75 वर्षीय बुजुर्ग ने तोड़ा दम
– जाफरगंज, ललौली और राधानगर में भी मकान व दीवार गिरने से हादसे

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। लगातार हो रही बारिश अब जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। गुरुवार को जिले के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मकान और कच्ची दीवार ढहने की घटनाओं ने लोगों को दहला दिया। मलबे में दबने से 75 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। कई घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल अथवा उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया गया।

खागा। कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गोली गांव में बारिश के कारण कच्ची कोठरी ढहने से राम स्वरूप (75) पुत्र स्व. बनवारी की मौत हो गई। बताया गया कि वह कोठरी में सो रहे थे। अचानक कमजोर हो चुकी कोठरी भरभराकर उनके ऊपर जा गिरी और वह मलबे में दब गए। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जाफरगंज। रामपुर गांव में बारिश के दौरान मकान ढहने से चार लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। हादसे में रामशरण के 46 वर्षीय पुत्र केशर, रामचंद्र की 48 वर्षीय पत्नी केशकली, सुरेश की 40 वर्षीय पत्नी गीता देवी और राकेश की 17 वर्षीय पुत्री शिवांगी घायल हुईं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को मलबे से बाहर निकाला। एंबुलेंस से ईएमटी कृष्णा व पायलट मुकेश ने घायलों को बिंदकी सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल केशर को अलीपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उन्हें ईएमटी अभिषेक व पायलट भूपेंद्र के साथ उच्च उपचार के लिए भेजा गया।

ललौली। बरौठी गांव में मकान की छत गिरने से राम भवन (65) पुत्र गजोधर, उनकी पत्नी राजरानी (60) और राकेश का 10 वर्षीय पुत्र नितिन घायल हो गए। छत गिरने के बाद तीनों मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर उन्हें बाहर निकाला। घायलों को पहले बहुआ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गाजीपुर सीएचसी भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एंबुलेंस के ईएमटी जितेंद्र और पायलट अनिरुद्ध ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

राधानगर। बडनपुर गांव में बारिश के कारण कच्ची दीवार गिरने से संजय लोधी (32) पुत्र बुधराज लोधी घायल हो गए। गुरुवार सुबह वह घर में मौजूद थे, तभी कमजोर दीवार अचानक उनके ऊपर गिर गई। परिजनों और ग्रामीणों ने मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया।

लगातार बारिश के बीच एक ही दिन में हुई इन घटनाओं ने कच्चे और जर्जर मकानों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now