जलभराव से गिरे घरों का निरीक्षण करतीं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान।
– पीड़ित परिवारों को वितरित की राहत सामग्री, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
CITY NEWS FATEHPUR
विजयीपुर, फतेहपुर(CNF)। लगातार हो रही बारिश के चलते विजयीपुर ब्लॉक क्षेत्र के अमनी और गोदोरा ग्राम पंचायतों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। गांव के मुख्य रास्तों में पानी भरने के साथ ही कई कच्चे मकान भी जलभराव के कारण गिर गए। स्थिति की जानकारी मिलने पर मंगलवार को खागा विधायक एवं पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्यमंत्री कृष्णा पासवान मौके पर पहुंचीं और प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों का हाल जाना।

राज्यमंत्री ने जलभराव से प्रभावित मुख्य मार्गों और क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रभावित परिवारों को कपड़े, बर्तन एवं अन्य राहत सामग्री भी वितरित की गई। राज्यमंत्री ने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि बारिश और जलभराव से हुए नुकसान का प्रशासन द्वारा आकलन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अश्वनी पांडेय, सीओ खागा, किशनपुर थाना प्रभारी मनीष कुमार सिंह मंडल अध्यक्ष खागा बृजेश सिंह, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष जुगेश सिंह, विमलेश पांडेय, धर्मेंद्र सिंह परिहार, अनिल त्रिपाठी, ग्राम पंचायत सचिव शिवनंदन सिंह, आकाश सिंह, राजस्व लेखपाल समेत ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान और क्षतिग्रस्त मकानों के लिए शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी राज्यमंत्री के समक्ष रखी। राज्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now