ग्रामीणों से वार्ता करते सपा नेता रामतीर्थ परमहंस।
– गलियों से घरों तक भरा पानी, शौचालय जलमग्न होने से बढ़ी परेशानी
– स्कूल जाने के लिए पानी से गुजर रहे बच्चे, जर्जर मकानों में रह रहे परिवारों को हादसे का डर
– सपा नेता रामतीर्थ परमहंस ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से जानी समस्याएं
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। खागा विधानसभा क्षेत्र के पल्लावां अजरौली गांव में बारिश के बाद पैदा हुआ जलभराव अब ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। गांव की गलियां तालाब में तब्दील हो गई हैं और कई घरों के आसपास पानी जमा होने से लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित है। हालात इस कदर बिगड़ गए हैं कि ग्रामीणों को प्रशासनिक इंतजार करने के बजाय स्वयं इंजन लगाकर पानी बाहर निकालने की कवायद करनी पड़ रही है।
लगातार बारिश के कारण गांव के कई कच्चे मकान गिर चुके हैं। वहीं जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों को हर समय हादसे की आशंका बनी हुई है। जलभराव के चलते कई घरों के शौचालय भी पानी में डूब गए हैं। जिन परिवारों के पास शौचालय की सुविधा नहीं है, उनके सामने शौच क्रिया के लिए जंगल जाने की मजबूरी बनी हुई है।
गांव में सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। जलभराव के बीच उन्हें पानी से होकर विद्यालय तक पहुंचना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही गांव में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। हर वर्ष स्थिति सामने आने के बावजूद स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने खुद इंजन लगाकर पानी निकालना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते जलनिकासी की उचित व्यवस्था करा दी जाती तो उन्हें इस तरह की परेशानी नहीं उठानी पड़ती। पानी घरों तक पहुंचने के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी बीच ग्रामीणों की समस्या की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के नेता, खागा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व डीआईजी रामतीर्थ परमहंस गांव पहुंचे। उन्होंने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने जलभराव के साथ जलनिकासी, गिरे कच्चे मकानों, शौचालय और पेयजल की समस्याएं उनके सामने रखीं।
ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में पानी की टंकी स्थापित करने के साथ घर-घर नल कनेक्शन तो लगाए गए हैं, लेकिन नलों से नियमित रूप से पीने का पानी नहीं मिल रहा है। बारिश के बीच पेयजल की समस्या ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने के साथ पेयजल समस्या का समाधान कराने की मांग की।
रामतीर्थ परमहंस ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराकर मामला प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा, जिससे समस्याओं का जल्द समाधान कराया जा सके।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव छात्र सभा विजय सिंह विधायक समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
