पोस्टमार्टम हाउस में खड़े मृतक के परिजन।

– अधारी का पुरवा के पास सामने से भिड़ा तेज रफ्तार लोडर, चालक वाहन समेत फरार
– सराय बहलोलपुर से हथगांव जा रहे थे दोनों बाइक सवार

CITY NEWS FATEHPUR 

फतेहपुर(CNF)। हथगांव क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। अधारी का पुरवा गांव के पास चौकी चौराहा रोड पर हुई आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार आबिद पुत्र लियाकत अली (19) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी फहद पुत्र वाहिद अली (16) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक लोडर समेत मौके से भाग निकला। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के सराय बहलोलपुर गांव निवासी आबिद और फहद शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे बाइक से हथगांव कस्बे की ओर जा रहे थे। दोनों अधारी का पुरवा गांव के पास चौकी चौराहा रोड पर पहुंचे थे, तभी हथगांव की ओर से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी।

जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। आबिद के सिर में गंभीर चोट आने से उसकी हालत बिगड़ गई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को संभालते हुए एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगांव पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने आबिद को मृत घोषित कर दिया। वहीं फहद के पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट बताई गई है और उसका उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। आबिद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।

हथगांव थाना प्रभारी अरुण कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। फरार लोडर और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now