हेलमेट न लगाने पर बाइक का चालान करती ट्रैफिक पुलिस।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने के लिए शुक्रवार को यातायात पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात प्रगति यादव के पर्यवेक्षण में शहर से लेकर खागा और बिंदकी कस्बे तक व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई।
प्रभारी यातायात निरीक्षक केशरी प्रसाद यादव के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने प्रमुख चैराहों, बाजारों और व्यस्त मार्गों पर दोपहिया व चार पहिया वाहनों की सघन जांच की। अभियान के दौरान बिना हेलमेट फर्राटा भर रहे बाइक सवार, बिना सीट बेल्ट कार चालक, गलत दिशा में वाहन दौड़ाने वाले, बिना नंबर प्लेट लगे वाहन और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को रोककर चालान काटे गए। अचानक चली इस कार्रवाई से शहर के कई मार्गों पर वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। यातायात पुलिस ने एक-एक वाहन की बारीकी से जांच की और नियमों की अनदेखी करने वालों को सख्त हिदायत दी। कई वाहन चालकों को मौके पर ही समझाइश देते हुए बताया गया कि छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। यातायात निरीक्षक केशरी प्रसाद यादव ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं बल्कि जीवन रक्षा का सबसे बड़ा सुरक्षा कवच हैं। उन्होंने कहा कि जिले में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। चेकिंग के साथ-साथ यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को जागरूक भी किया। पुलिस कर्मियों ने लोगों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित दिशा में वाहन चलाएं, नंबर प्लेट सही रखें और सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now