ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान सीओ प्रगति यादव।
– नशे में वाहन दौड़ाने वालों पर पुलिस की सख्ती, 2.20 लाख का जुर्माना
– बिना नंबर प्लेट वाले मालवाहक वाहन भी कार्रवाई की जद में आए
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले की पुलिस ने बीती शनिवार की देर रात विशेष ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाकर नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर चेकिंग कर 44 वाहनों के ई-चालान किए गए, जबकि दो ट्रैक्टरों को सीज कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय के पर्यवेक्षण में यातायात मुख्यालय द्वारा संचालित विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग की गई। जिंदपुर टोल प्लाजा पर क्षेत्राधिकारी यातायात प्रगति यादव की मौजूदगी में यातायात प्रभारी निरीक्षक केशरी प्रसाद यादव और थाना ललौली की सीसी टीम प्रभारी राजेश कुमार ने वाहनों की जांच की। वहीं बड़ौरी टोल प्लाजा पर टीएसआई लालजी सविता एवं थाना कल्याणपुर की सीसी टीम प्रभारी संजय सरोज ने पुलिस बल के साथ अभियान चलाया। काटोघन टोल प्लाजा पर खागा सीसी टीम प्रभारी कृष्ण कुमार यादव और टीएसआई रामानंद ने चेकिंग कर कार्रवाई की। अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चला रहे चालकों के खिलाफ 22 ई-चालान करते हुए 2 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट के चल रहे मालवाहक वाहनों के भी 22 ई-चालान कर 1 लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने दो ट्रैक्टरों को थाना ललौली में सीज भी किया। पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि यातायात नियमों का पालन करें तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now