फोटो परिचय- कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपने जाते एआईएमआईएम के पदाधिकारी।
– ओवैसी पर कथित टिप्पणी के खिलाफ जताई नाराजगी
– पुष्पा देवी की मौत की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की उठाई आवाज
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। राजनीतिक बयानबाजी और महिला की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा। पार्टी ने दोनों मामलों में हस्तक्षेप करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की।
जिलाध्यक्ष मोहीउद्दीन एडवोकेट के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा एआईएमआईएम प्रमुख बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी के लिए कथित तौर पर की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई गई। पार्टी पदाधिकारियों ने इसे अशोभनीय बताते हुए मामले का संज्ञान लेने और उचित कार्रवाई की मांग की।
पुष्पा देवी की मौत की निष्पक्ष जांच पर जोर
ज्ञापन में दूसरा मामला थरियांव थाना क्षेत्र की पुष्पा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से जुड़ा उठाया गया। पदाधिकारियों ने मुकदमा संख्या 223/2026, धारा 103(1) एवं 123 बीएनएस का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि राजाराम लोधी की पुत्री पुष्पा देवी को ससुराली पक्ष ने कथित रूप से जहर देकर मार दिया। साथ ही स्थानीय पुलिस पर मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं करने और आरोपियों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया।
पार्टी ने मांग की कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन के जरिए राज्यपाल से दोनों मामलों में हस्तक्षेप कर न्यायोचित कदम उठाने की अपील की गई।
प्रदर्शन के दौरान अताउल्ला, कासिम सिद्दीकी, मो. हसीब, मो. शाह फैसल, अरबाज अहमद, मो. निजाम उद्दीन, रईस अहमद, मो. अनवर, मो. आफताब रजा, अयान, रियाज खान, राजाराम, अब्दुल कद्दूस, सलीम अंसारी और मो. असलम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
