भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना करते अनुयायी।
– बुद्ध पार्क में गूंजा जय भीम-जय बुद्ध
CITY NEWS FATEHPUR 
फतेहपुर(CNF)। शुक्रवार को भगवान गौतम बुद्ध के करुणा, शांति और मानवता के संदेश से सराबोर नजर आया। कलेक्ट्रेट स्थित बुद्ध पार्क में डॉक्टर बाबा साहेब अंबेडकर मिशन भारत के तत्वावधान में भगवान गौतम बुद्ध का 2589 वां जन्मोत्सव श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के वातावरण में मनाया गया। अनुयायियों ने बुद्ध प्रतिमा के समक्ष दीप व कैंडल जलाकर प्रार्थना की, मानव कल्याण का संकल्प लिया और बाद में निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर में जय भीम-जय बुद्धम् के नारों से माहौल गुंजायमान कर दिया।
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बुद्ध पार्क उस समय आस्था और सामाजिक चेतना का केंद्र बन गया जब डॉक्टर बाबा साहेब अंबेडकर मिशन भारत के तत्वावधान में भगवान गौतम बुद्ध का 2589 वां जन्मोत्सव समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे बौद्ध अनुयायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मिशन से जुड़े पदाधिकारियों ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष कैंडल जलाकर पुष्प अर्पित किए तथा शांति, प्रेम, समता और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भगवान गौतम बुद्ध केवल एक धर्मगुरु नहीं बल्कि विश्व मानवता के महान पथ प्रदर्शक थे। उन्होंने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, छुआछूत, भेदभाव और अंधविश्वास जैसी कुरीतियों के विरुद्ध धार्मिक एवं सामाजिक क्रांति का बिगुल फूंका। उनके विचारों ने मानव को मानव से जोड़ने का काम किया और करुणा, मैत्री तथा अहिंसा का जो संदेश उन्होंने दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। कार्यक्रम में मौजूद अनुयायियों ने बुद्ध वंदना कर समाज में आपसी भाईचारा बढ़ाने, शिक्षा को बढ़ावा देने और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिखाए गए संवैधानिक मार्ग पर चलने की भी शपथ ली। बुद्ध पार्क परिसर जय भीम, जय बुद्धम् और नमो बुद्धाय के नारों से देर तक गूंजता रहा। इस अवसर पर डॉक्टर बाबा साहेब अंबेडकर मिशन भारत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बौद्धप्रिय गौतम, राष्ट्रीय महासचिव सकठूराम मयंक, रमेश बौद्ध, अतुल कुमार, बाबूराम गौतम, शकुंतला बौद्ध, सावित्री बौद्ध, सिया दुलारी, कामिनी, प्रशांत प्रिय गौतम, बृजेंद्र कुमार, मुन्ना शेख, भैरव प्रसाद, अनिल बाबू, राम अवतार, छोटेलाल, रमेश गौतम, शिवकुमार गौतम, सोहनलाल गौतम, बृजेंद्र गौतम सहित बड़ी संख्या में अनुयायी मौजूद रहे।

शहर के प्रमुख मार्गों से निकली भव्य शोभा यात्रा

समारोह के बाद भगवान गौतम बुद्ध के संदेशों से सुसज्जित बैनर, झंडे और जयघोष के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। अनुयायी पारंपरिक वेशभूषा में बुद्ध वंदना करते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक और उत्सवी दिखाई दे रहा था। शोभा यात्रा का जगह-जगह सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों द्वारा स्वागत किया गया। बढ़ती गर्मी को देखते हुए मार्ग में कई स्थानों पर शरबत, ठंडा पानी और अन्य पेय पदार्थों का वितरण किया गया। राहगीरों ने भी यात्रा को नमन किया और भगवान बुद्ध के बताए शांति, सद्भाव और समानता के संदेश की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now