– रात में जंगल में नीम के पेड़ से लटका मिला शव
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। गाजीपुर थाना क्षेत्र के खनसेनपुर मजरे परसेटा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार खनसेनपुर मजरे परसेटा गांव निवासी 40 वर्षीय अभिमन्यु पुत्र जागेश्वर पासवान का पत्नी ममता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद पत्नी अपने मायके चली गई थी। इससे आहत अभिमन्यु ने मंगलवार देर रात करीब एक बजे गांव के बाहर जंगल में जाकर नीम के पेड़ पर रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटकता देखा तो इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गाजीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया गया कि मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
