– 16.50 लाख रुपये कीमत के मोबाइल बरामद कर एसपी ने मालिकों को सौंपे
– सीईआईआर पोर्टल बना पुलिस के लिए गुम मोबाइलों का सुराग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। गुम या चोरी हुए मोबाइलों की तलाश में फतेहपुर पुलिस की निगरानी का दायरा जिले की सीमाओं से बाहर तक पहुंच गया। सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 116 मोबाइल फोन बरामद किए। करीब 16.50 लाख रुपये कीमत के इन मोबाइलों को पुलिस लाइन में उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा गया। मोबाइल वापस मिलते ही लोगों के चेहरे खिल उठे।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मोबाइल गुम होने के बाद पीड़ित की ओर से शिकायत दर्ज कराए जाने पर उसका विवरण सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज होता है। गुम मोबाइल में नया सिम लगाए जाने पर सिस्टम के माध्यम से उसकी जानकारी सामने आती है। इसके बाद पुलिस संबंधित मोबाइल की लोकेशन और उपयोगकर्ता की जानकारी जुटाकर उसे बरामद करने की कार्रवाई करती है।
इस अभियान में जनपदीय सीसीटीएनएस टीम के साथ सभी थानों की सीसीटीएनएस टीमें लगातार जुटी रहीं। पुलिस ने फतेहपुर के अलावा गैरजनपदीय क्षेत्रों और दूसरे राज्यों तक संपर्क कर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल बरामद किए। बरामदगी में कोतवाली के 19, खागा के 16, गाजीपुर के 10, राधानगर के नौ, बिंदकी, थरियांव और हथगांव के सात-सात तथा हुसैनगंज के छह मोबाइल शामिल हैं। किशनपुर और असोथर से पांच-पांच, खखरेरू से चार मोबाइल बरामद किए गए। अन्य थाना क्षेत्रों से भी मोबाइल पुलिस के हाथ लगे।
एसपी ने कहा कि गुम मोबाइलों को उनके मालिकों तक पहुंचाने के लिए पुलिस की ओर से नियमित अभियान चलाया जाता है। इस कार्रवाई से न केवल लोगों को उनके कीमती मोबाइल वापस मिले, बल्कि सीईआईआर पोर्टल की मदद से गुम मोबाइलों की बरामदगी में पुलिस को प्रभावी सफलता भी मिली है। मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना की।
