फोटो परिचय-  पुलिस टीम की गिरफ्त में आरोपी।

– फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी गोली से उड़ा देने की धमकी
– तकनीकी निगरानी के बाद हथगांव पुलिस व सर्विलांस टीम ने दबोचा, मोबाइल बरामद

 

सिटी न्यूज फतेहपुर

फतेहपुर(CNF)। हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं उत्तर प्रदेश शासन के पूर्व राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने और गोली से उड़ा देने की धमकी देने के मामले में हथगांव पुलिस ने आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धमकी देने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक सात सितंबर को हथगांव थाना क्षेत्र के तेहीपारा निवासी गणेशी साहू ने पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप था कि फेसबुक पर धर्मवीर नाम के अकाउंट से पूर्व विधायक रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए जान से मारने तथा गोली से उड़ा देने की धमकी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए हथगांव थाने में मुकदमा संख्या 170/2026 के तहत धारा 353(2), 351(2) व 356(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी थरियांव के पर्यवेक्षण में हथगांव पुलिस के साथ सर्विलांस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की।

रविवार को पुलिस टीम ने हरियाणा के जनपद नरनौल स्थित निजामपुर से आरोपी धर्मबीर सिंह पुत्र सूरजभान सिंह, निवासी ग्राम सिठौरा, थाना हथगांव, जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से धमकी देने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि गांव में रास्ते और नाली को लेकर विवाद चल रहा था। उसका आरोप था कि ग्राम प्रधान द्वारा गांव में विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं और उसके परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल रहा है। इसी बात को लेकर वह आक्रोशित था। इसी आक्रोश में उसने अपने फेसबुक अकाउंट से पूर्व विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए जान से मारने और गोली से उड़ा देने की धमकी दी।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार की है। आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, सर्विलांस सेल की टीम, उपनिरीक्षक राजन कन्नौजिया, कांस्टेबल सूरज यादव तथा महिला कांस्टेबल मोनिका रावत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now