पुलिस-पेंशनर्स मीटिंग में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों से संवाद करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं
– अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई और अनावश्यक दौड़भाग से बचाने के निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान को लेकर पुलिस विभाग ने गंभीरता दिखाई है। गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में आयोजित पुलिस-पेंशनर्स मीटिंग में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पेंशनर्स से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान सामने आई शिकायतों पर एसपी ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों ने पेंशन समेत विभागीय स्तर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और अपनी अपेक्षाओं को पुलिस अधीक्षक के सामने रखा। एसपी ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से उसके निस्तारण की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की शिकायतों का नियमानुसार समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल में विभाग की जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है, उनके सेवानिवृत्त होने के बाद भी विभाग का दायित्व समाप्त नहीं होता।
एसपी ने अधिकारियों से कहा कि पेंशनर्स को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उनकी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग की ओर से हरसंभव मदद की जाएगी।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पेंशनर्स की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने तथा निस्तारण की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए गए। मीटिंग में संबंधित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस पेंशनर्स उपस्थित रहे।
