फोटो परिचय-  शादीपुर स्थित रेस्टोरेंट में बैठक करते उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी।

– सदस्यता अभियान के बाद जल्द घोषित होंगी निर्वाचन की तिथियां

सिटी न्यूज फतेहपुर

फतेहपुर(CNF)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आगामी ब्लाक स्तरीय चुनाव को लेकर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को शहर के शादीपुर स्थित एक रेस्टोरेंट में संघ के संयोजक मंडल की बैठक हुई, जिसमें आठ ब्लाकों के अंतिम बार निर्वाचित पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को गति देने के साथ सदस्यता अभियान चलाने और शीघ्र चुनाव कराने की रणनीति तैयार की गई।

बैठक के दौरान प्रदेश नेतृत्व की ओर से लिए गए निर्णय की सराहना की गई। पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि सभी संबंधित ब्लाकों में अधिक से अधिक शिक्षकों को संगठन की सदस्यता दिलाकर सदस्यता सूची तैयार की जाए और उसे शीघ्र प्रस्तुत किया जाए, ताकि निर्वाचन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

बैठक में पांच विकासखंडों में निर्वाचन गतिविधियों को संचालित कराने के लिए संयोजकों की नियुक्ति भी की गई। तेलियानी में प्रणवीर सिंह, बहुआ में देवशरण शुक्ला, धाता में संजय सिंह, हथगाम में राजीव कुमार तथा विजयीपुर में सुभाष मौर्य को संयोजक बनाया गया। सभी नवनियुक्त संयोजकों को सदस्यता अभियान में तेजी लाने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सदस्यता सूची उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

पदाधिकारियों ने कहा कि सदस्यता प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित ब्लाकों के निर्वाचन की तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि संबंधित विकासखंडों में अध्यक्ष, मंत्री अथवा संयोजक के माध्यम से सदस्यता ग्रहण कर कोई भी पात्र शिक्षक ब्लाक निर्वाचन में प्रतिभाग कर सकता है। सदस्यता लेने से किसी को वंचित नहीं किया जाएगा।

बैठक में जिला संयोजक शैलेन्द्र सिंह भदौरिया, सह संयोजक अनुराग कुमार मिश्र, आशीष यादव, बलराम सिंह, दिग्विजय सिंह समेत विभिन्न ब्लाकों के पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन ने सभी पदाधिकारियों और शिक्षकों से निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now