संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनते एडीएम न्यायिक।

– एडीएम न्यायिक ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
– राजस्व से लेकर पेंशन, आवास और पुलिस से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे फरियादी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। तहसील सदर सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ी। अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे लोगों ने राजस्व, पुलिस, आवास, पेंशन, कृषि समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार की अध्यक्षता में हुए समाधान दिवस में कुल 129 प्रार्थना पत्र दर्ज किए गए। इनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजते हुए समय सीमा के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में सबसे अधिक फरियादी अपनी भूमि और राजस्व संबंधी समस्याएं लेकर पहुंचे। इसके अलावा पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, कृषि, माध्यमिक शिक्षा, सिंचाई, नलकूप, मनरेगा, उद्यान, चकबंदी, जिला पूर्ति, श्रम विभाग और बाल विकास से जुड़े मामले भी सामने आए।

एडीएम न्यायिक सुनील कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय सीमा में निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय अधिकारी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

अधिकारियों ने मौके पर फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को प्रार्थना पत्र सौंपे। साथ ही निस्तारण के बाद आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी सदर, जिला विकास अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी, खंड विकास अधिकारी समेत राजस्व विभाग और विभिन्न जिला स्तरीय विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now