CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले के बेरोजगार युवाओं और मधुमक्खी पालन में रुचि रखने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग ने हनी मिशन (मधुमक्खी पालन) योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित लाभार्थियों को पांच दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण के साथ प्रति व्यक्ति पांच हनी बॉक्स एवं आवश्यक टूल किट निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे शहद उत्पादन के माध्यम से स्वरोजगार शुरू कर सकें।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सूरज प्रसाद वर्मा ने बताया कि योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु के ऐसे बेरोजगार युवक-युवतियां, जो परंपरागत रूप से या स्वरोजगार के रूप में मधुमक्खी पालन करना चाहते हैं अथवा शहद उत्पादन का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन टूलकिट्स पंजीकरण एवं आवंटन विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का गठित समिति द्वारा साक्षात्कार एवं सत्यापन के बाद चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाभार्थियों को पांच दिवसीय गुणवत्तापरक तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के उपरांत प्रत्येक चयनित लाभार्थी को पांच हनी बॉक्स तथा संबंधित टूल किट निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे शहद उत्पादन का व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ अपना आवेदन 15 जुलाई तक जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 77/274 बी सिविल लाइंस एलआईसी बिल्डिंग के सामने किसी भी कार्य दिवस पर जमा करना होगा। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र युवाओं से योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now